श्याम के जयकारों से गूंजा ककरोलिया
जलझूलनी एकादशी पर निकली भव्य जल यात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल।जलझूलनी एकादशी पर ककरोलिया श्याम मंदिर से निकली भगवान श्याम की भव्य जल यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय कर दिया। सजे-धजे श्याम बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु उन्हें जल झुलाने के लिए यात्रा में लेकर निकले।
ढोल-भजन, जयकारे और आस्था… यात्रा के साथ जैसे पूरा गांव उमड़ पड़ा। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रास्तेभर ‘श्याम बाबा की जय’ के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्याम का स्वागत कर दर्शन और आशीर्वाद लिया।
श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। आयोजन में किशन वैष्णव, मुन्नालाल प्रजापत, शिव पाठक, पूर्व सरपंच शिवप्रकाश ओझा, दीपक ओझा, पवन, रवि पाठक, महावीर जोशी, धर्मराज लोहार, संजू ओझा व रामराज लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जल यात्रा के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।