श्यामगढ़ स्कूल का जर्जर कक्ष बना खतरा, ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

श्यामगढ़ स्कूल का जर्जर कक्ष बना खतरा, ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

दो साल से क्षतिग्रस्त कक्षा की जंग लगी छत, कार्रवाई नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी

शिवलाल जांगिड़

लाडपुरा, स्मार्ट हलचल। लाडपुरा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, श्यामगढ़ का एक कक्षा-कक्ष पिछले करीब दो वर्षों से जर्जर अवस्था में होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कक्षा की छत में लगे लोहे के लेंटर (गर्डर) पूरी तरह जंग खा चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में शिक्षा विभाग को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि हाल ही में झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे के बाद भी संबंधित विभाग ने श्यामगढ़ विद्यालय की जर्जर कक्षा की सुध नहीं ली।

ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त कक्षा को तत्काल उपयोग से बाहर किया जाए तथा मरम्मत या नए कक्ष का निर्माण होने तक विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से भी बच्चों को उस कक्षा में नहीं बैठाने की अपील की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अन्यथा उन्हें उच्च अधिकारियों का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा।

मौके पर सत्यनारायण बारेठ, कुलदीप सिंह, प्रभु मीणा, जसवंत सिंह, राजूलाल, विजेंद्र, राजदीप, चंद्र सिंह, राहुल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।