देव नारायण स्वरूप में सजे सिद्धेश्वर महादेव, महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सुरेश चन्द्र मेघवंशी

मांडल |स्मार्ट हलचल|मेजा रोड स्थित ऐतिहासिक 32 खंभों की छतरी परिसर में आयोजित 30वें सावन महोत्सव के तहत मंगलवार को सिद्धेश्वर महादेव का भगवान देव नारायण के प्राकट्य स्वरूप में आकर्षक शृंगार किया गया। विशेष शृंगार के दर्शन एवं महाआरती में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव और देव नारायण भगवान के जयकारों से गूंज उठा।

सावन महोत्सव के तहत सावन अमावस्या से रक्षाबंधन तक प्रतिदिन भगवान सिद्धेश्वर महादेव का अलग-अलग स्वरूपों में नयनाभिराम शृंगार किया जाता है। मंगलवार को देव नारायण भगवान के प्राकट्य स्वरूप में किए गए विशेष शृंगार ने श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित किया।

महाआरती में भगवान श्री देवनारायण जी जन्मस्थली मालासेरी देव नारायण मंदिर के पुजारी हेमराज पोसवाल शामिल हुए। उन्होंने भगवान सिद्धेश्वर महादेव के देव नारायण प्राकट्य स्वरूप के दर्शन किए और भावविभोर हो गए। मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा ने भी महाआरती में भाग लेकर भगवान की पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर पुजारी हेमराज पोसवाल ने भगवान देव नारायण से जुड़े मांडल क्षेत्र के ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी श्रद्धालुओं को दी। उन्होंने 32 खंभों की छतरी एवं सिद्धेश्वर महादेव स्थल के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार की मांग सरकार के समक्ष रखने की बात कही।

विधायक उदयलाल भड़ाणा ने कहा कि 32 खंभों की छतरी और सिद्धेश्वर महादेव स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके संरक्षण एवं विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान देव नारायण एवं सिद्धेश्वर महादेव के जयकारे लगाए। मंदिर परिसर में देर तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर बीडीओ गुलाब सिंह गुर्जर, विधायक पुत्र सूरज भड़ाणा, मुकेश भड़ाणा, ओम भंडिया, लालकृष्ण सेन, सिद्धेश्वर महादेव सेवा समिति प्रमुख घनश्याम जोशी, उच्च न्यायालय जोधपुर के अधिवक्ता जितेंद्र सिंह गौड़, पूर्व फौजी शंकर सिंह मेजा, मांडल प्रेस क्लब सचिव सुरेश मेघवंशी, नंदलाल गाडरी, प्रभु गाडरी, मुकेश सालवी, दीपक जोशी, महेश बिड़ला, शुभम भट्ट, अंकित जोशी, गणेश प्रजापत, चेतन गाडरी सहित क्षेत्रभर से हजारों शिवभक्त एवं देवभक्त मौजूद रहे।