सचिन पायलट पर टिप्पणी को लेकर ब्यावर में आक्रोश: कांग्रेसियों ने फूंका भाजपा प्रभारी का पुतला

अनिल कुमार

‘पायलट के सम्मान में, हम आ गए मैदान में’ के नारों से गूंजा ब्यावर; माफी न मांगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल द्वारा राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ ब्यावर में सियासी पारा चढ़ गया है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा प्रभारी का पुतला फूँककर अपना रोष प्रकट किया।

नारेबाजी और पुतला दहन

ब्यावर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मनोज चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहर के स्वामी कुमारानंद सर्किल पर एकत्रित हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “सचिन पायलट के सम्मान में, हम आ गए मैदान में” और “पायलट साहब पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

‘राजनीतिक मर्यादा भूल रही है भाजपा’
सभा को संबोधित करते हुए मनोज चौहान ने कहा कि राधा मोहन अग्रवाल का बयान उनकी संकुचित मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा:

“लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना सामान्य है, लेकिन किसी लोकप्रिय और जमीनी नेता के खिलाफ व्यक्तिगत अभद्र टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है। सचिन पायलट प्रदेश के युवाओं की धड़कन हैं और उनका अपमान राजस्थान की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।”

चौहान ने आगे मांग की कि भाजपा नेतृत्व को तुरंत इस पर संज्ञान लेना चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी टिप्पणियों पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेंगे।

दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मानक डाणी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भारत बाघमार, एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिरदी चंद खोरवाल, राम यादव, सुलक्षणा शर्मा, जयदीप सिंह रावत (NSUI) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नेताओं ने एक सुर में कहा कि सचिन पायलट ने केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में प्रदेश के विकास में जो योगदान दिया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता और ऐसे कद के नेता पर टिप्पणी करना भाजपा की हताशा को दर्शाता है।