लाडपुरा न्यूज़:
शिव लाल जांगिड़
लाडपुरा|स्मार्ट हलचल। श्यामगढ़ पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को एक सादे और गरिमामय समारोह में अध्यापिका चावली देवी को उनकी सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनके गौरवमयी सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण सम्मान दिया।
विदाई पर पेश की मिसाल: भेंट किया म्यूजिक सिस्टम व वाटर कूलर
अपने विदाई समारोह में अध्यापिका चावली देवी ने शिक्षा के मंदिर के प्रति अपनी कृतज्ञता जताते हुए भामाशाह के रूप में एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने विद्यालय स्टाफ के सहयोग से स्कूल को एक म्यूजिक सिस्टम भेंट किया। इसके साथ ही, उनकी पुत्री ऋतु चौधरी (पत्नी संदीप जी, निवासी पिलानी, झुंझुनूं) की ओर से विद्यार्थियों की गर्मी में सुविधा के लिए विद्यालय को एक वाटर कूलर भी भेंट किया गया।
शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान, दी दीर्घायु की शुभकामनाएं
विदाई समारोह में मंचासीन अतिथियों और शिक्षकों ने चावली देवी का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पवन कुमार शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन दिलीप त्रिपाठी ने किया।
इस गरिमामय अवसर पर शारीरिक शिक्षक लादू लाल तेली, हिंदी व्याख्याता भगवान सहाय, नरेश मीणा, दीपेश कटारिया, शंकर लाल सालवी, रामराज मीणा, छुट्टनलाल मीणा, नंदलाल बलाई, हेमराज यादव, शंभू नाथ सहित समस्त शिक्षकगण, अभिभावक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
