तरकारावाचा गांव में खेत से सोलर प्लांट की 10 प्लेटें और स्टार्टर चोरी, 2 लाख का नुकसान

पहले भी हो चुकी हैं कई चोरियां, ग्रामीणों में दहशत और पुलिस गश्त पर उठे सवाल

सैफई (इटावा)।स्मार्ट हलचल।सैफई थाना क्षेत्र के जसवन्तनगर के गांव तरकारा में एक बार फिर चोरों ने किसानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खेत पर लगे सौर ऊर्जा प्लांट से 10 सोलर प्लेटें और स्टार्टर चोरी कर लिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लगातार हो रही चोरियों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश चन्द्र पुत्र औसान सिंह निवासी तिरकाराबाचा, मौजा नगला सुभान थाना सैफई, अपने परिवार सहित माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू कटरा गये हुए थे। इसी दौरान 24 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके खेत पर लगे सोलर पम्प को निशाना बना लिया। चोर सोलर पम्प में लगी 13 प्लेटों में से 10 प्लेटें तथा स्टार्टर चोरी कर ले गये।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। घर लौटने पर जब दिनेश चन्द्र को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित ने थाना सैफई पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार खेतों और ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाये जाने से किसानों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव के लोगों का कहना है कि खेतों में लगे सोलर सिस्टम किसानों की मेहनत की पूंजी हैं और इस तरह की घटनाओं से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।