संडे ऑन साइकिल’ अभियान में एसपी सहित 200 से अधिक लोगों ने चलाई साइकिल, योग से हुई शुरुआत,

साइकिल रैली से दिया सेहत व पर्यावरण का संदेश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और ‘फिट इंडिया मिशन’ के तहत जिला पुलिस ब्यावर द्वारा रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान का शानदार आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) रतन सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों से लेकर स्थानीय नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

योगाभ्यास से हुई शुरुआत, शहर में घूमी साइकिल रैली
कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह पुलिस थाना ब्यावर सिटी परिसर में सामूहिक योगाभ्यास से हुई। यहाँ उपस्थित पुलिसकर्मियों और आमजन ने योग और प्राणायाम कर दैनिक जीवन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद ब्यावर सिटी थाने से साइकिल रैली को रवाना किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसका उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण, शारीरिक फिटनेस और ट्रैफिक अनुशासन के प्रति जागरूक करना था।

एसपी और एडिशनल एसपी ने खुद चलाई साइकिल
इस अभियान की खास बात यह रही कि जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया ने खुद साइकिल चलाकर ब्यावर पुलिस के जवानों और स्थानीय युवाओं का उत्साहवर्धन किया। ब्यावर जिला पुलिस के इस कदम की शहरवासियों ने जमकर सराहना की।

पूरे जिले में रहा उत्साह, 200 से अधिक प्रतिभागी शामिल
यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के समस्त वृत (सर्किल) कार्यालयों पर भी संबंधित वृत अधिकारियों के नेतृत्व में योग और साइकिल रैली के कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जिले में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ट्रैफिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद
साइकिल रैली के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का जिम्मा यातायात शाखा ब्यावर के प्रभारी उपनिरीक्षक (उनि.) श्री पूनमचंद और उनकी टीम ने संभाला। पूरी रैली के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बेहद अनुशासित और चुस्त-दुरुस्त रही।