ब्यावर आगमन पर कांग्रेस निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ने साधा निशाना, कहा- कोर्ट के आदेश के बाद भी चुनाव कराने की मंशा नहीं
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष जीवण खां रविवार को एक संक्षिप्त प्रवास पर ब्यावर पहुंचे। यहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया और कार्यकर्ताओं से बात करते हुए जीवण खां ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर तीखे प्रहार किए।
डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर फेल
जीवण खां ने कहा कि देश और प्रदेश में बैठी भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा रही है और आम जनता कमरतोड़ महंगाई की मार सहने को मजबूर है। जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
2027 तक भी चुनाव कराने की मंशा नहीं
स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में हो रही देरी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा:
हाल ही में माननीय कोर्ट ने जुलाई महीने में चुनाव कराने के आदेश चुनाव आयोग को दिए हैं। लेकिन सरकार के रवैये को देखकर लगता है कि इनकी मंशा साल 2027 तक भी चुनाव कराने की नहीं है। बिना ‘नगर की सरकार’ (स्थानीय निकायों) के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। चुनाव न कराना सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है।”
ये रहे उपस्थित
इस दौरान ब्यावर में प्रदेशाध्यक्ष के साथ विधानसभा प्रत्याशी पारस पंच, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पप्पू काठात, ब्यावर जिला सेवादल के जिलाध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सोनी, मेघवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष हजारी लाल भाटी और नन्द्री के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा इब्राहिम खां, हाजी मुराद काठात, बाबू काठात, पूर्व सैनिक प्रेम काठात और बाबू भाई माली सहित भारी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।
