रमेश ईनाणी केस में शीघ्र न्याय हो चित्तौड़गढ़ जिला शिव सेना इकाई ने की मांग

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। शिवसेना चित्तौड़गढ़ जिला इकाई ने कूरियर व्यवसायी रमेश चंद्र ईनाणी हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमताराम की गिरफ्तारी के बाद मामले का फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र निस्तारण कर कठोर सजा दिलाने की मांग उठाई है।शिवसेना जिला प्रभारी गोपाल वेद ने कहा कि रामद्वारा के पास वर्षों से चल रहे जमीन विवाद के चलते एक व्यवसायी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करवाना बेहद निंदनीय घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में आरोपी रमताराम संत समाज पर एक दाग साबित हुआ है।

गोपाल वेद के अनुसार पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं तथा आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि होने से मृतक परिवार सहित शहरवासियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत करवाना सामने आया है।

शिवसेना ने दावा किया कि आरोपी के पास बड़ी मात्रा में चल एवं अचल संपत्तियां हैं, जिन्हें तत्काल जब्त किया जाना चाहिए। संगठन ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर जल्द से जल्द कठोर सजा सुनाई जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।