शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा ।स्मार्ट हलचल|उपखंड उनियारा क्षेत्र में स्टांप, कोर्ट फीस टिकट एवं नोटेरी टिकट की गंभीर किल्लत सामने आई है। भीषण गर्मी के बीच दूर-दराज से आने वाली आम जनता को जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
स्टांप विक्रेताओं का कहना है कि उनके पास वर्तमान में स्टांप, कोर्ट फीस टिकट व नोटेरी टिकट पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 शुरू हुए लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद उपकोष कार्यालय से इनकी आपूर्ति नहीं की जा रही है। कई बार संपर्क करने के बावजूद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। इस समस्या का सीधा असर न्यायालयीन कार्यों पर पड़ रहा है। वादियों और अधिवक्ताओं को आवश्यक टिकट नहीं मिलने के कारण मामलों की प्रक्रिया बाधित हो रही है, जिससे न्यायिक व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। विक्रेताओं ने बताया कि इस स्थिति से जहां आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं राज्य सरकार को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में एडवोकेट दिनेश मोरवाल (नोटेरी पब्लिक, भारत सरकार) एवं अध्यक्ष, अभिभाषक संघ अलीगढ़ बार एसोसिएशन, न्यायालय उनियारा ने शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द आपूर्ति नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
*प्रशासन का पक्ष*
उपकोष कार्यालय अलीगढ़ के अधिकारियों का कहना है कि स्टांप व अन्य टिकटों की आपूर्ति संबंधित उच्च स्तर से होती है। वर्तमान में आपूर्ति में कुछ तकनीकी व प्रक्रियात्मक कारणों से देरी हुई है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही आवश्यक स्टॉक उपलब्ध करवा दिया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सकेगी।
