अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर।स्मार्ट हलचल।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने एडवोकेट जितेन्द्र कुमावत को भाजपा ओबीसी मोर्चा राजस्थान का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र कुमावत का आत्मीय आभार व्यक्त किया।
एडवोकेट जितेन्द्र कुमावत ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ निभाएंगे। उन्होंने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और शीर्ष नेतृत्व का भी धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा की विचारधारा, नीतियों और अंत्योदय के संकल्प को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना, संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करना और युवा शक्ति के माध्यम से मजबूत संगठन व सशक्त राष्ट्र के लक्ष्य को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही उनका प्रमुख उद्देश्य होगा।
भाजपा संगठन में इस नियुक्ति को ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
