पीथास में बिजली गुल होते ही पत्थरबाजी, दहशत में ग्रामीण

एक ही रात में दो मकानों को बनाया निशाना, एक मकान पर महीनेभर में दूसरी बार हमला

भीलवाडा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|जिले के बागोर थाना क्षेत्र के पीथास गांव में बिजली गुल होते ही अज्ञात लोगों द्वारा पत्थरबाजी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गुरुवार रात करीब 9:40 बजे गोपाल चौबे के मकान के बाहर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए। खास बात यह कि करीब एक माह पहले भी इसी मकान को निशाना बनाया गया था।
इसके बाद शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे हिम्मत सुवालका के मकान की छत पर भी पत्थर फेंके गए। एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
सूचना पर बागोर पुलिस रात करीब 2 बजे पीथास पहुंची और दोनों घटनास्थलों का मौका मुआयना कर ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बिजली गुल होते ही बार-बार पत्थरबाजी आखिर कौन कर रहा है? उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।