मुर्गहा वन ब्लॉक में अवैध शराब के अड्डे ध्वस्त, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त; 9 नामजद आरोपियों पर मुकदमा
लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|मझगई रेंज के मुर्गहा वन ब्लॉक में वन विभाग ने अवैध जहरीली शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के भीतर संचालित शराब की कई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद तस्करों ने वन विभाग की टीम का विरोध करते हुए सरकारी वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आरोपी पानी के रास्ते भागने में सफल रहे, लेकिन वन विभाग ने मौके पर मौजूद अवैध शराब और भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि मुर्गहा वन ब्लॉक के अंदर बड़े पैमाने पर अवैध एवं जहरीली शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पर गठित टीम ने छापेमारी की तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने वन विभाग की टीम पर हमला करने की कोशिश की और सरकारी वाहन पर पत्थर बरसाए। इसके बावजूद टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और भट्टियों को तहस-नहस कर दिया।
हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन ग्राम प्रधान और स्थानीय कर्मचारियों की मदद से उनकी पहचान कर ली गई। इसके आधार पर वन विभाग ने मझगई थाने में तहरीर देकर भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
वन विभाग द्वारा नामजद किए गए आरोपियों में उमेश पुत्र राजाराम, राहुल पुत्र बदलू, रविंद्र पुत्र प्रकाश, चुन्ना उर्फ चना, गोछे पुत्र लालजी, रोहित पुत्र राधे, छोटू पुत्र राधे, दिनेश पुत्र राधे और वीरपाल पुत्र राधे शामिल हैं। सभी आरोपी थाना मझगई क्षेत्र के ग्राम मुर्गहा के निवासी बताए गए हैं।
वन विभाग का कहना है कि जंगलों में अवैध शराब निर्माण और वन अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
