सिकोइडीकोन संस्था द्वारा हड़पी गई राजस्थान महिला सेवा सहकारी समिति के पीड़ितों की जमा राशि लौटाने की मांग तेज-व्यापार मंडल ने बंद रखे प्रतिष्ठान-विभिन्न संगठनों ने जताया समर्थन
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/जयपुर। स्मार्ट हलचल|जयपुर ग्रामीण के चाकसू तहसील मुख्यालय स्थित अंबेडकर सर्किल पर राजस्थान महिला सेवा सहकारी समिति के पीड़ित परिवारों की जमा राशि सिकोइडीकोन संस्था एनजीओ से वापस दिलाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी के नेतृत्व में चल रहा आमरण अनशन गुरुवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को स्थानीय व्यापार मंडल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला।
आंदोलन के समर्थन में चाकसू व्यापार मंडल ने बाज़ार बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापारियों ने समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त कर रहे हैं।
रेल लाओ संघर्ष समिति टोंक के अध्यक्ष अकबर खान भी लगातार आमरण अनशन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी उन महिलाओं और परिवारों के न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई सिकोइडीकोन संस्था चाकसू जयपुर में जमा कराई थी। उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता। इस दौरान किसान महापंचायत के युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद चौधरी ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया और अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की लड़ाई अंततः सफल होगी।
