अंधड़ ने बिजली व्यवस्था बिगाड़ी: 40 गांवों की बिजली गुल

20 बिजली पोल, 2 डीपी और 20 पेड़ गिरे; नारायणपुर सिटी में भी 2 पोल व 2 पेड़ धराशायी, देर रात तक बिजली बहाली का इंतजार

(बिन्टू कुमार)

नारायणपुर| स्मार्ट हलचल|नारायणपुर सहित आसपास के गांवों में रविवार शाम करीब 4:27 बजे आए तेज अंधड़ ने बिजली निगम की व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण बिजली के पोल, डीपी और पेड़ गिरने से नारायणपुर सिटी सहित आसपास के करीब 40 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा और जनजीवन प्रभावित हो गया।

अंधड़ से ग्रामीण क्षेत्र में बिजली निगम के करीब 20 पोल, 2 डीपी और करीब 20 पेड़ गिर गए। वहीं नारायणपुर सिटी क्षेत्र में भी 2 बिजली पोल और 2 पेड़ धराशायी हो गए। ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में सिटी में नुकसान कम रहा, लेकिन पोल और पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण देर रात तक नारायणपुर सिटी की बिजली भी बहाल नहीं हो सकी।

13 फीडरों से जुड़े 40 गांव प्रभावित

बिजली निगम के अनुसार नारायणपुर और चांदपुरी से निकलने वाले 13 फीडरों से जुड़े करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति अंधड़ के कारण प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें भी प्रभावित हुईं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

एफआरटी टीम सहित 6 कर्मचारी जुटे

अंधड़ से बिजली व्यवस्था को हुए नुकसान के बाद बिजली निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। एफआरटी टीम सहित निगम के 6 कर्मचारी बिजली व्यवस्था को सुचारू करने में जुटे रहे। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पोल और विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने के साथ ही रास्तों में गिरे पेड़ों को हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया।

3 लाख रुपए से अधिक नुकसान का अनुमान

बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार अंधड़ से निगम को करीब 3 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। नुकसान का आकलन करने के साथ ही क्षतिग्रस्त विद्युत तंत्र को ठीक करने का काम जारी है।

बिजली निगम के जेईएन जीतेश मीणा ने बताया कि अंधड़ से नारायणपुर सहित आसपास के करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और पोल को दुरुस्त करने के लिए निगम की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त कर सोमवार शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।