अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अजमेरी गेट के सामने यादव भवन में शनिवार को सूचना एवं रोजगार अधिकार अभियान, राजस्थान के तत्वावधान में स्ट्रीट वेंडर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर के 54 पथ विक्रेताओं ने भाग लिया। बैठक की अगुवाई अश्विनी कुमार डरट एवं मिट्ठू लाल ने की।अश्विनी कुमार ने पथ विक्रेता अधिनियम-2014 के प्रावधानों और विक्रेताओं के अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान वेंडिंग जोन में ऑटो-टेम्पो की पार्किंग, अनधिकृत कब्जे, निर्धारित स्थानों की अव्यवस्था तथा बिना उचित प्रक्रिया के विक्रेताओं को हटाए जाने जैसी समस्याएं सामने आईं।
विक्रेताओं ने कहा कि रोजगार के लिए निर्धारित स्थानों पर स्थिरता और सुरक्षित व्यवस्था जरूरी है। साथ ही नगर निकाय के अधिकारियों के साथ नियमित संवाद की आवश्यकता जताई। बैठक में तय किया गया कि सभी समस्याओं को संकलित कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश मारलेचा, आरती, मोबिना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।