थांवला।लुकमान शाह
दौलतपुरा।स्मार्ट हलचल।क्षेत्र में अचानक आए तेज अंधड़ और चक्रवाती आंधी ने भारी तबाही मचाई है। उपखंड के कोड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दौलतपुरा (नरसिंह बासनी) में एक गरीब किसान का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया। आंधी की रफ्तार इतनी भीषण थी कि किसान पूसा राम रावत का कच्चा छप्परनुमा घर जमीन से उखड़कर करीब 200 मीटर दूर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में किसान की एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है, वहीं पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।मलबे में दबी मासूम, हाथ में फ्रैक्चरग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, किसान पूसा राम अपने परिवार के साथ खेत में बनी झोपड़ी में रह रहे थे। घटना के वक्त पूसा राम की पत्नी और तीनों बच्चे छप्पर के अंदर ही मौजूद थे। अचानक आई तेज आंधी से झोपड़ी को सहारा देने वाली पत्थर की पट्टियां भरभराकर टूट गईं। इस दौरान एक भारी पत्थर की पट्टी बच्ची के ऊपर गिर गई। हादसे में बच्ची की आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई है और हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि झोपड़ी की चपेट में आने से एक बिजली का पोल भी धराशायी हो गया, लेकिन उस समय वहां कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।दाने-दाने को मोहताज हुआ परिवारपीड़ित किसान की वृद्ध माता ने रोते हुए बताया कि उनके बेटे के पास रहने के लिए यही एक मात्र झोपड़ी थी, जो अब पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। आंधी के कारण घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान दूर-दूर तक बिखर गया। बाद में एकत्र हुए ग्रामीणों ने बिखरे सामान को संभाला। पीड़ित परिवार के पास अब न तो रहने को छत बची है और न ही खाने को राशन।मुआवजे की मांगघटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन, तहसीलदार और पटवारी से मौके का मुआयना कर पीड़ित गरीब किसान को उचित सरकारी मुआवजा देने तथा आपदा राहत कोष से तुरंत आर्थिक सहायता राशि जारी करने की मांग की है।