एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता रोड।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी तेज आंधी और अंधड़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बीते चार दिनों में आए तेज तूफानों के चलते करीब डेढ़ सौ से अधिक विद्युत पोल धराशायी हो गए, जिससे कई गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
मेड़ता रोड के साथ-साथ छापरी, जारोड़ा, बासनी, शिवरामपुरा, गंगारड़ा, हसिंयास और कापड़ीवास सहित आसपास के गांवों में लगातार आंधी और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। रविवार देर रात आई तेज आंधी ने हालात और बिगाड़ दिए। कई घरों में धूल-मिट्टी भर गई, वहीं टीनशेड उड़ने से लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
खेतों और आबादी क्षेत्रों में खड़े बिजली के पोल गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने से हालात और मुश्किल हो गए हैं।
सोमवार शाम को भी मौसम ने फिर करवट ली और आसमान में धूल का गुबार छा गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें नुकसान का आंकलन कर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं सोमवार शाम को भूल भरी आंधी चलने के बाद हल्की बरसात होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
