स्वीप अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया जागरूक, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की अपील
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मत की अहमियत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्वीप टीम की ओर से जिले के राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया और अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, संवादों और नारों के जरिए समझाया कि लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक मतदाता हैं। प्रत्येक वोट देश और समाज के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी भय या दबाव के निष्पक्ष मतदान करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
रचनात्मक गतिविधियों से युवाओं को जोड़ने पर जोर
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा ने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नुक्कड़ नाटक जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदान का संदेश सरल और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। जिला स्वीप टीम की ओर से विभिन्न विषयों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा पीढ़ी लोकतांत्रिक मूल्यों को समझे और पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित हों।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने जागरूक मतदाता बनने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य जिले में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी को मजबूत करना है।