बर पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 58.440 किलो डोडा पोस्त जब्त

झाला की चौकी के पास किराये के मकान में छिपाकर रखा था मादक पदार्थ, महिला गिरफ्तार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 58.440 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बर थाना पुलिस की एक माह में डोडा पोस्त तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल के आदेश तथा जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और रायपुर वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में बर थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि झाला की चौकी के पास मौखम सिंह के किराये के मकान में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर मकान की तलाशी ली। इस दौरान पांच सफेद-काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 58.440 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

महिला गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में किरण पत्नी मौखम सिंह (30), निवासी बाडिया तेजा, थाना जवाजा, जिला ब्यावर, हाल निवासी झाला की चौकी, थाना बर को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बर थाने में प्रकरण संख्या 173/2026, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में बर थानाधिकारी मंजू मुलेवा के साथ कांस्टेबल महिपाल, गिरधारी, रामकेश, कालूराम और गणेशराम शामिल रहे।