राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प, महिला सशक्तीकरण पर वक्ताओं ने रखे विचार
कपासन। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) चित्तौड़गढ़ जिले की ओर से कपासन नगर इकाई के आरएनटी कॉलेज में ‘नारी’ युवती सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में 500 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा चास्टा ने की। सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका सोमानी मुख्य अतिथि रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में एबीवीपी चित्तौड़ प्रांत छात्रा प्रमुख नीलम मेहता उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि चित्तौड़गढ़ जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी थीं। कार्यक्रम का संचालन चित्तौड़ विभाग छात्रा प्रमुख सुमन जाट ने किया।
स्वागत भाषण में जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी ने नारी की सामाजिक भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के बिना समाज अधूरा है। उन्होंने नारी सशक्तीकरण से जुड़े वर्तमान विमर्शों तथा सीजेपी द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान लगाए गए नारों पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
मुख्य अतिथि दीपिका सोमानी ने छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन की अध्यक्ष कृष्णा चास्टा ने वैदिक काल से वर्तमान समय तक समाज में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता नीलम मेहता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इतिहास एवं विकास की जानकारी देते हुए छात्राओं और महिलाओं को सशक्त बनाने में संगठन की भूमिका पर विचार रखे। वक्ताओं ने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभाग छात्रा प्रमुख सुमन जाट ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में एबीवीपी चित्तौड़ विभाग के विभाग संगठन मंत्री सीताराम केसरी, रामकृष्ण मेहता, चित्तौड़ भाग संयोजक सुंदर भांड, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य लोकेंद्र सिंह, नगर मंत्री हिमांशु पुरोहित, नगर कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक एवं मनीष तथा इकाई सचिव हंसराज खटीक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।