बिन्टू कुमार
वन विभाग की भूमि से सटा है खेल मैदान, कई बार पत्राचार के बावजूद नहीं हुआ सीमांकन; तहसीलदार बोले- जल्द कराया जाएगा समाधान
नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|सरकार खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन ग्राम पंचायत मुण्डावरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी वर्षों से खेल मैदान की सुविधा से वंचित हैं। विद्यालय के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन नहीं होने से खेल मैदान आज तक विकसित नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार पटवार हल्का मुण्डावरा में विद्यालय के खेल मैदान के लिए करीब 6 बीघा भूमि आवंटित है। वर्तमान जमाबंदी में यह भूमि शिक्षा विभाग के नाम गैर मुमकिन फिल्ड के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की भूमि वन विभाग की भूमि से सटी हुई है। इसी कारण सीमांकन की प्रक्रिया वर्षों से लंबित पड़ी है, जिससे विद्यार्थी अपने ही खेल मैदान का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं पंचायत प्रशासक दयाराम सैनी द्वारा कई बार तहसीलदार से लेकर संयुक्त शासन सचिव तक खेल मैदान का सीमांकन कराने के लिए पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण एवं विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षा, राजस्व एवं वन विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र सीमांकन की कार्रवाई पूरी कराएं, ताकि विद्यालय को उसका खेल मैदान मिल सके और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त हो। इधर नारायणपुर तहसीलदार कैलाश चंद मेहरा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में तहसीलदार का पदभार ग्रहण किया है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
