देवधाम जोधपुरिया के दानपात्र में निकले 14.43 लाख रुपये, लक्खी मेले की तैयारियों की समीक्षा

(नरेश कुरेडा)

निवाई।स्मार्ट हलचल|उपखंड के प्रसिद्ध भगवान देवनारायण मंदिर, देवधाम जोधपुरिया में मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मंदिर के दानपात्र खोले गए, जिनमें श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 14 लाख 43 हजार 480 रुपये की नगद राशि प्राप्त हुई।बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष जगदीश बोकण ने मासिक आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से पूरा विवरण बैठक में पढ़कर सुनाया गया तथा मंदिर परिसर के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया गया।ट्रस्ट अध्यक्ष नरेश गुर्जर एवं महामंत्री रतनदीप गुर्जर ने बताया कि आगामी लक्खी मेला महोत्सव को देखते हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन तोरण द्वार सहित सभी विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आगामी मेले की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।