पढ़ाई के लिए घर से दूर रहने वाले विद्यार्थियों को हर माह मिलेंगे 2 हजार रुपये

अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के आवेदन शुरू, 30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे शहरों में किराये के मकानों में रहने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को प्रतिमाह 2 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।

योजना का लाभ जिला ब्यावर के राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जो संबंधित महाविद्यालय जिस नगर परिषद या नगर पालिका क्षेत्र में स्थित है, वहां के निवासी नहीं हैं और शिक्षा ग्रहण करने के लिए किराये के भवन में रह रहे हैं। पात्र विद्यार्थियों को अधिकतम 10 माह तक सहायता राशि दी जाएगी।

इच्छुक विद्यार्थी ई-मित्र केंद्र अथवा अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से SJMS SMS आइकन पर जाकर जन आधार कार्ड के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। योजना की पात्रता, शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विभागीय वेबसाइट sje.rajasthan.gov.in तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कार्यालय ब्यावर से प्राप्त की जा सकती है।