सेवानिवृत्ति पर सहायक कर्मचारी छोटूलाल का भव्य सम्मान, 33 वर्षों की निष्कलंक सेवाओं को किया नमन

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलहल|सावर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलगांव (अजमेर) के सहायक कर्मचारी छोटूलाल के सेवानिवृत्त होने पर गुरुवार को सावर स्थित उनके निवास पर सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महाराणा प्रताप मंडल के अध्यक्ष ओम प्रकाश कांसोटिया के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, साफा पहनाकर तथा प्रशस्ति-पत्र भेंट कर उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छोटूलाल ने अपने 33 वर्ष से अधिक के राजकीय सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने सरल, सौम्य एवं व्यवहार कुशल व्यक्तित्व से विद्यालय परिवार और शिक्षा विभाग में विशिष्ट पहचान बनाई। वक्ताओं ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
सम्मान-पत्र के अनुसार छोटूलाल का जन्म 9 जून 1966 को सावर में माता अनोप देवी एवं पिता सुवालाल के परिवार में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी सावर में ही संपन्न हुई। उनके परिवार में एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं।
उन्होंने 16 अप्रैल 1993 को राजकीय माध्यमिक विद्यालय, आलोली (अजमेर) से राजकीय सेवा का शुभारंभ किया। इसके बाद 26 जून 2013 से 30 जून 2026 तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलगांव (अजमेर) में सहायक कर्मचारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनका कुल राजकीय सेवाकाल 33 वर्ष 2 माह 14 दिन का रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने उन्हें कर्मठ, गतिशील, स्पष्टवादी, मिलनसार एवं सदैव प्रसन्नचित व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कांसोटिया, अंबेडकर संघर्ष समिति अध्यक्ष घनश्याम पंवार, सचिव विनोद कुमार पंवार, संरक्षक उम्मेद सिंह दीदावत, मथुरा प्रसाद चौहान, नाथूलाल पंवार, गोवर्धन पंवार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।