जिला आयोजना अधिकारी मनीषी झां ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए पेंडिंग मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलहल|राजस्थान सरकार द्वारा आमजन को प्रशासनिक राहत पहुँचाने के लिए चलाए जा रहे “शहरी सेवा शिविर” अभियान के तहत ब्यावर नगर परिषद में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण की गंगा बह रही है। गुरुवार को जिला आयोजना अधिकारी एवं नगर परिषद नोडल अधिकारी मनीषी झां ने शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिविर प्रभारी गणपत राम सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
झां ने मौके पर मौजूद पीएचईडी, एवीवीएनएल (बिजली विभाग), पीडब्ल्यूडी, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के काउंटर्स का जायजा लिया और अधिकारियों से अब तक की प्रगति की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले हर नागरिक की समस्या का समाधान त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सीमा के भीतर होना चाहिए।
एक छत के नीचे मिल रहीं सभी सुविधाएं
शिविर में एक ही स्थान पर सभी विभागों के होने से ब्यावर वासियों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है। मौके पर हुई जनसुनवाई में नोडल अधिकारी ने आमजन की परिवेदनाओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के आदेश दिए।
आंकड़ों में देखिए 1 महीने की बड़ी उपलब्धियां (12 जून से 09 जुलाई):
प्रमाण पत्र की झड़ी: शिविर के दौरान रिकॉर्ड 1,349 जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए।
पट्टा वितरण: नियमन के 12, धारा 69 के 17, कच्ची बस्ती का 1 और नगर परिषद योजना का 1 पट्टा जारी किया गया।
शहरी विकास: 13 भवन मानचित्र स्वीकृत किए गए, 83 नामांतरण (म्यूटेशन) खोले गए और 27 यूडी टैक्स मामलों का निपटारा हुआ।
जनसुविधाएं: 207 खराब स्ट्रीट लाइटों को सुधारा गया, 121 नए सीवरेज कनेक्शन दिए गए और 68 निराश्रित पशुओं को पकड़ा गया।
आर्थिक व पर्यावरण मदद: पीएम स्वनिधि योजना के तहत 36 रेहड़ी-पटरी वालों को लोन दिया गया, वहीं पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के लिए 870 पौधे रोपे गए।
शिविर के माध्यम से मिल रही इस त्वरित राहत से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है और सरकार की यह जनकल्याणकारी योजना ब्यावर में पूरी तरह धरातल पर कामयाब होती दिख रही है।
