निजी स्कूल की बस की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार प्रधानाध्यापक की मौत

निजी स्कूल की बस की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार प्रधानाध्यापक की मौत
सूरौठ, स्मार्ट हलचल। यहां हिंडौन मार्ग पर बुधवार को सुबह निजी स्कूल की बस की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधावली के प्रधानाध्यापक भूरसिंह मीणा की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई।
थाना प्रभारी सोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि गांव भुकरावली निवासी प्रधानाध्यापक भूर सिंह मीणा (57) बुधवार को सुबह 7:30 बजे के करीब अपने गांव से बाइक पर सवार होकर राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधावली के लिए जा रहे थे। हिंडौन मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास निजी स्कूल की बस का संतुलन बिगड़ने से बस मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई जिससे मोटरसाइकिल पर सवार भूर सिंह मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल चालक से टकराने के बाद स्कूल बस पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सूरौठ थाना पुलिस गंभीर रूप से घायल प्रधानाध्यापक भूर सिंह को हिंडौन के राजकीय अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि निजी स्कूल की बस में 13 बच्चे थे तथा किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। सभी बच्चों को सकुशल उनके घर पहुंचाया गया। स्कूल बस गांव सौंमली से बच्चों को लेकर सूरौठ आ रही थी। पुलिस ने हिंडौन के जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया तथा शव को परिजनों को सौंप दिया। प्रधानाध्यापक मीणा की दुर्घटना में मृत्यु होने से गांव भुकरावली में मातम छा गया। दोपहर को गांव भुकरावली में मृतक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
स्कूल से पहले ही खत्म हुआ सफर
भूर सिंह मीना रोज की तरह स्कूल पहुंचने के लिए घर से निकले थे, लेकिन स्कूल से करीब एक किलोमीटर पहले ही उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया। बस की टक्कर से प्रधानाध्यापक मीणा की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।