औचक निरीक्षण में खुली नंदराय स्कूल की पोल

(रमेश चंद्र डाड)

19 में से सिर्फ 7 शिक्षक मिले मौजूद, पुस्तकालय में अलमारी में बंद मिलीं किताबें, छात्रों के टॉयलेट में पसरी गंदगी

आकोला।स्मार्ट हलचल|मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) जगदीश मीणा ने उपखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में व्यवस्थाओं की पोल खुली। कहीं शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं मिले तो कहीं स्वच्छता और शैक्षणिक संसाधनों के रखरखाव में लापरवाही सामने आई। वहीं सांखड़ा पंचायत क्षेत्र का माणकपुरा विद्यालय व्यवस्थित रूप से संचालित मिलता हुआ मिला।सीबीईओ जगदीश मीणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंदराय पहुंचे। विद्यालय का निरीक्षण करने पर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। छात्रों के टॉयलेट में गंदगी पसरी हुई थी। वहीं पुस्तकालय कक्ष में किताबें अलमारियों में बंद पड़ी मिलीं और उन पर धूल जमी हुई थी। पुस्तकालय का विद्यार्थियों के उपयोग में नहीं आना विद्यालय में पठन संस्कृति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

19 में से केवल 7 शिक्षक मिले मौजूद

औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की अनुपस्थिति सबसे बड़ी लापरवाही के रूप में सामने आई। विद्यालय में कुल 19 शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन निरीक्षण के समय केवल 7 शिक्षक ही मौजूद मिले। अधिकांश शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने पर सीबीईओ मीणा ने नाराजगी जताई और विद्यालय संचालन में समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खराब कंप्यूटर और गंदे दूध के गिलास भी मिले

विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करने पर कंप्यूटर खराब अवस्था में पड़े मिले। डिजिटल शिक्षा के दौर में कंप्यूटरों का उपयोग नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इसी प्रकार विद्यार्थियों को पिलाए जाने वाले दूध के गिलास भी साफ-सुथरे नहीं मिले। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में इस प्रकार की लापरवाही को गंभीर माना गया।

लक्ष्य भी अधूरे, रैंकिंग में पिछड़ा विद्यालय

सीबीईओ के अनुसार विद्यालय में वृक्षारोपण का लक्ष्य पूरा नहीं किया गया था। विद्यालय की रैंकिंग भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा विजिट टारगेट समय पर पूरा नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। सीबीईओ ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्था प्रधान को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

नोटिस जारी कर मांगा जवाब

विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति सहित विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर सीबीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के समय केवल 7 शिक्षक उपस्थित मिलने के मामले में पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पूजा वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया।

सीबीईओ ने महात्मा गांधी विद्यालय नंदराय का भी निरीक्षण किया, जहां अधिकांश शिक्षक नदारद मिले। वहीं ककरोलिया घाटी पंचायत क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ा खेड़ा में शिक्षक सांवरलाल खटीक बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इस मामले में संबंधित संस्था प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

माणकपुरा विद्यालय में मिली बेहतर व्यवस्था

इसके विपरीत सांखड़ा पंचायत क्षेत्र के माणकपुरा विद्यालय का संचालन व्यवस्थित मिला। यहां सभी स्टाफ सदस्य समय पर उपस्थित थे। विद्यार्थी अनुशासित नजर आए और विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधे वातावरण की सुंदरता बढ़ा रहे थे।

सीबीईओ के औचक निरीक्षण से क्षेत्र के विद्यालयों में हड़कंप मचा रहा। निरीक्षण में सामने आई कमियों के बाद अब विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति, स्वच्छता, संसाधनों के समुचित उपयोग और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।