स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के कड़े निर्देशों पर जिला पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा एवं वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में जवाजा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गंभीर अपराधों में वांछित एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है।
दूसरे राज्यों में काट रहा था फरारी
थानाधिकारी नवल किशोर ने बताया कि अभियुक्त श्रवण सिंह पुत्र गाजी सिंह, निवासी माल का चौड़ा, पोक्सो कोर्ट (अजमेर) और थाना जवाजा के विभिन्न गंभीर मामलों (FIR 136/2024) में लंबे समय से वांछित था। गिरफ्तारी के डर से आरोपी राजस्थान छोड़कर दूसरे राज्यों में फरारी काट रहा था और कभी अपने घर नहीं आता था।
घेराबंदी कर झाड़ियों से पकड़ा
7 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत माल का चौड़ा गांव में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पास के घने जंगल व झाड़ियों में छिपने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर उसे बड़ी मुश्किल से काबू किया।
विशेष टीम का गठन
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी नवल किशोर के साथ एएसआई जगवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जितेन्द्र (विशेष योगदान), तोगेश कुमार और चालक भवानी सिंह शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी को पोक्सो न्यायालय में पेश किया गया है।
