राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|स्थानीय स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल शाहपुरा में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने हेतु मटकी सजाओ एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर कुमावत ने बताया कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों के प्रति विद्यार्थियों में आस्था, कला और रचनात्मकता का संचार करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी तथा जन्माष्टमी के विभिन्न दृश्यों को अपनी कला के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती मंजू सेन, लोकेश चौधरी एवं डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत शामिल रहे।
कार्यक्रम प्रभारी रत्ना टेलर व सोनम लढ्ढा ने बताया कि प्रतियोगिताओं को दो वर्गों (जूनियर एवं सीनियर) में विभाजित किया गया था। छात्र-छात्राओं ने मटकी सज्जा में शीशे, गोटा-पत्ती, रंगों व अन्य सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर मनमोहक मटकियां तैयार कीं, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों के खूबसूरत संयोजन से कृष्ण-कन्हैया के मनोहारी चित्र उकेरे।
प्रतियोगिता के समापन पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेश कुमार धाकड़ ने विजेताओं के परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी सह-शैक्षणिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे
चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में प्रथम आरव ठठेरा, द्वितीय परी साहू एवं कविता रैगर, तृतीय विकास बैरवा एवं निर्मल धाकड़ तथा सीनियर वर्ग में प्रथम दीपिका बलाई एवं चारवी बारहठ, द्वितीय अक्षी दाधीच, तृतीय श्रेया कुमावत एवं साक्षी जैन रही ।
मटकी सजाओ प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रथम लक्षिता महावर एवं आराध्या माहेश्वरी, द्वितीय राधिका माहेश्वरी एवं अनुष्का सोयल, तृतीय वैष्णवी पोरवाल तथा जूनियर वर्ग में प्रथम गीतिका खटीक, द्वितीय पलक नायक एवं माही नूर शेख तथा तृतीय परिधि अजमेरा एवं राधिका खारोल रही ।