वार्ड 44 की सफाई व्यवस्था सुधारने को पार्षद तुलसीराम शर्मा ने संभाली कमान

जमादार के साथ बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश, मयूर कॉलोनी में वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं, कई का मौके पर समाधान

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।वार्ड संख्या 44 में सफाई व्यवस्था एवं आमजन की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर पार्षद तुलसीराम शर्मा (गुड्डू शर्मा) सक्रिय हैं। बुधवार को पार्षद ने वार्ड की सफाई व्यवस्था को लेकर जमादार के साथ बैठक की। इस दौरान वार्ड की गलियों एवं मोहल्लों में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण तथा नालियों की साफ-सफाई को लेकर आवश्यक चर्चा की गई।पार्षद शर्मा ने सफाई कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सफाई कार्य को व्यवस्थित एवं नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।इसके बाद मयूर कॉलोनी में वार्डवासियों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गई। कॉलोनीवासियों ने साफ-सफाई, रोड लाइट, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पार्षद के समक्ष रखीं। पार्षद ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि शेष समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पार्षद तुलसीराम शर्मा ने कहा कि वार्ड का विकास और आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। वार्डवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।