तीज हमारी सांस्कृतिक और सांस्कारिक धरोहर : तरूणा सोलंकी

तीज के गीत, नृत्य और राजपूती परंपरा के रंग, क्षत्राणियों ने मनाया तीज उत्सव
राजपूती परंपरा और संस्कृति के रंग में रंगा हरियाली तीज महोत्सव

कोटा। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान की क्षत्राणी विंग की ओर से थेकड़ा स्थित रिसॉर्ट में तीज महोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षत्राणी महिलाओं ने पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में सहभागिता की।
क्षत्राणी विंग की प्रदेश अध्यक्ष तरूणा सोलंकी ने बताया कि महोत्सव में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न मनोरंजक खेलों और सामूहिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। क्षत्राणी विंग की प्रदेश अध्यक्ष तरूणा सोलंकी ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं सांस्कारिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को आपस में जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
लहरिया क्वीन का खिताब सीम्मी सोलंकी ने जीता, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में रिया सोलंकी प्रथम रहीं।
आयोजन के दौरान महिलाओं ने सावन से जुडे विभिन्न खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
समारोह के अंत में उपस्थित महिलाओं ने समाज की एकता, राजस्थानी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा संगठन के संस्कारों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।