नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, प्रत्याशी चयन और संगठन मजबूती पर मंथन

अनिल कुमार

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|आगामी नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर की आवश्यक बैठक मंगलवार को अजमेर रोड स्थित सतपुलिया के पास मोतीमहल गार्डन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, वार्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, योग्य प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विचार-विमर्श किया।बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष किशोर चौधरी, जिला प्रभारी प्रतिष्ठा यादव, पूर्व राज्य मंत्री उर्मिला योगी, लोकसभा प्रत्याशी दामोदर गुर्जर, जिला सहप्रभारी नरेश चौधरी, ब्यावर विधानसभा ऑब्जर्वर आशीष चौधरी, कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच, मनोज चौहान तथा खनन प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष आशीष पाल पदावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और जनता से सीधा संवाद कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनाव तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी प्रतिष्ठा यादव ने योग्य, सक्रिय एवं जनप्रिय प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने के साथ संगठन की प्रक्रिया और अनुशासन का पालन करने पर जोर दिया। पूर्व राज्य मंत्री उर्मिला योगी ने महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों एवं आमजन की अपेक्षाओं को चुनावी एजेंडे में शामिल करने तथा महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

लोकसभा प्रत्याशी दामोदर गुर्जर ने कहा कि चुनाव को जनता की सेवा और ब्यावर के बेहतर भविष्य के अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला सहप्रभारी नरेश चौधरी ने बूथ एवं वार्ड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया। विधानसभा ऑब्जर्वर आशीष चौधरी ने प्रत्याशी चयन में स्थानीय स्वीकार्यता, सक्रियता, निष्ठा और जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बताया तथा पार्टी के निर्णय का सम्मान करने की बात कही।

कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने स्वच्छता, बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और जवाबदेह प्रशासन को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही। मनोज चौहान ने कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर पर सक्रिय होकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। आशीष पाल पदावत ने दीर्घकालिक विकास सोच और मजबूत स्थानीय नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया।

जनहित के मुद्दों को बनाया जाएगा चुनावी आधार

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी ब्यावर की जनता की उम्मीदों और शहर की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर चुनाव मैदान में उतरेगी। पारदर्शिता, जवाबदेही, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाएं, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी तथा समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।

प्रदेश कांग्रेस के परिपत्र क्रमांक 2187 के निर्देशानुसार नगर निकाय चुनाव को लेकर बैठकें आयोजित कर प्रत्याशी चयन संबंधी रिपोर्ट 27 अगस्त तक प्रदेश कमेटी को प्रस्तुत की जानी है। बैठक को इसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया।

बैठक के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आवेदकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनाव ब्यावर के भविष्य से जुड़ा है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जवाबदेह और जनहितकारी नगर परिषद का निर्माण करना है।

बैठक में नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, शोभा चौधरी, यशोदा गुर्जर, जानवी भारवानी, राधिका शर्मा, सरस्वती शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, देवकरण शर्मा, हिमांशु शर्मा, एसएन शर्मा, रामस्वरूप सेवलिया, बालकिशन गोठवाल, सुनील कांठेड़, गोपाल डाणी, रोहित गोयल, सोहन मेवाड़ा, श्याम सुंदर शर्मा, डॉ. अरविंद माथुर, अजय मूंदड़ा, यादव दिलीप सिंह गोरा, मुकेश लखन, जीवराज जावा, मेघराज बोहरा, मगन सौलंकी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।