किशोरियों ने जाना स्वस्थ नारी बनने का मंत्र, ‘कुमारी से नारी की ओर’ में स्वास्थ्य जागरूकता

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर इनरव्हील क्लब का आयोजन, मासिक धर्म स्वच्छता से सर्वाइकल कैंसर तक दी उपयोगी जानकारी

कोटा। स्मार्ट हलचल |स्वस्थ किशोरावस्था ही सशक्त और स्वस्थ भविष्य की नींव है। इसी संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब कोटा की ओर से राजकीय बालिका कला महाविद्यालय कोटा में ‘कुमारी से नारी की ओर’ परियोजना के तहत एनसीसी छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष डा. नीता जैन ने बताया कि कार्यक्रम में छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक बदलावों, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि बर्थुनिया ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, संबंधित रोगों से बचाव, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, एनीमिया से बचाव तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषणयुक्त आहार किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
क्लब सचिव अर्चना गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच की गई और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। साथ ही बीपीएनआई के तहत स्तनपान के महत्व पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. पारुल सिंह ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. सीमा चौहान उपस्थित रहीं, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दूबे ने किया। कार्यक्रम में राजरानी, शीला गौड़, अंशु नारंग, अंजली शर्मा, कल्पना भार्गव, वैशाली भार्गव, अल्का शर्मा एवं प्रीति गौतम सहित क्लब सदस्य उपस्थित रहीं।