बहुजन महासभा ने वन विभाग व प्रशासन से चीते को पकड़ने-सुरक्षा बढ़ाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|टोडारायसिंह क्षेत्र में चीते के लगातार हमलों से लोगों में व्याप्त दहशत के बीच अंतरराष्ट्रीय अखिल भारतीय एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक एवं बौद्ध महासभा भारत की ओर से सोमवार को जिला कलेक्टर टोंक को ज्ञापन सौंपकर घायलों के समुचित उपचार, मुआवजा तथा चीते को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक लक्ष्मीनारायण बैरवा द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि टोडारायसिंह क्षेत्र में वन्यजीव (चीते) के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं। इससे क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण आमजन की जान जोखिम में है। ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई कि मामले को जनहित में गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, हमलों में घायल लोगों का समुचित उपचार कराया जाए, पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा चीते को पकड़कर क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। महासभा ने यह भी आग्रह किया कि इस संबंध में की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर राहत और न्याय मिल सके। ज्ञापन पर संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
