रणवीर सिंह चौहान
भवानीमंडी। स्मार्ट हलचल/ नेहरू पार्क स्थित एक बांस-बल्ली की दुकान पर शनिवार सुबह व्यापारी पर जानलेवा हमला कर चेन स्नेचिंग का प्रयास किया गया। किंतु व्यापारी ने बहादुरी से मुकाबला करते हुए परिजनों की मदद से आरोपी को पकड़ दिया जानकारी अनुसार आरोपी निर्मल मीणा उर्फ मुन्ना ने अर्थी के लिए बांस मांगने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और व्यापारी नवीन पिरोदिया पर लठ से ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद व्यापारी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू दिखाकर डराने का प्रयास किया तथा सोने की चेन खींचने की कोशिश की, लेकिन छीना-झपटी में चेन नीचे गिर गई। शोर सुनकर पहुंचे पुत्र अक्षय पिरोदिया ने पिता के साथ मिलकर आरोपी को दबोच लिया।
सूचना पर भवानीमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में तीन टांके आए। थाना अधिकारी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया है मामले की जांच जारी है। व्यापारी व उसके पुत्र की बहादुरी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
