एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।मेडता सिटी थाना क्षेत्र के डांगावास गांव में हुई लगभग 53 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करने और दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने पर ग्रामवासियों में खुशी की लहर है। इस सफल कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने नागौर पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी, मेड़ता डिप्टी रामकरण मेलिंडा सहित पूरी पुलिस टीम का माला व साफा पहनाकर भव्य सम्मान किया। ग्रामवासियों ने कहा कि पुलिस ने बेहद तेज और प्रभावी कार्रवाई करते हुए न केवल बड़ी चोरी का खुलासा किया, बल्कि शातिर गिरोह का पर्दाफाश कर क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत किया है। ग्रामीणों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे बड़ी उपलब्धि बताया। गौरतलब है कि डांगावास गांव में 27 मई 2026 को एक घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर करीब 34–35 तोला सोना-चांदी के जेवरात और लगभग 2.50 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इस मामले में सनी निवासी नवां (हनुमानगढ़) और हरदीप सिंह निवासी ढालिया (हनुमानगढ़) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे स्टेशनों के आसपास से बाइक चोरी कर बंद मकानों को निशाना बनाते थे और वारदात के बाद अलग-अलग जिलों में फरार हो जाते थे। पहचान छुपाने के लिए वे मास्क और गमछे का उपयोग करते थे।
इस सफल कार्रवाई में मेड़ता सिटी थाना पुलिस और डीएसटी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
