चोरी की बुलेट सहित दो वांछित आरोपी गिरफ्तार।
एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध बजरी खनन/परिवहन और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नागौर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है।अवैध बजरी परिवहन पर सख्ती, ट्रेलर व ट्रैक्टर जब्त
थाना पांचौड़ी पुलिस ने गश्त के दौरान सरहद पांचौड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरा एक 22 चक्का ट्रेलर जब्त किया है। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें अवैध रूप से बजरी परिवहन पाया गया। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचित कर दिया गया है।
इसी प्रकार थाना जसनगर पुलिस ने सरहद रोहिसी क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बिना नंबर का ट्रैक्टर मय ट्रॉली पकड़ा, जिसमें अवैध बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर खनिज विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचित किया है।
*मेड़ता सिटी पुलिस की कार्रवाई, दो वांछित आरोपी गिरफ्तार*
थाना मेड़ता सिटी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत मोटरसाइकिल चोरी के एक प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सारूदीन उर्फ शेरू और लक्ष्मणराम उर्फ मोडिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी सारूदीन उर्फ शेरू थाना मेड़ता सिटी का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।
पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है तथा पुलिस आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है।
