तपती गर्मी में धधकी चलती कार, चालक ने कूदकर बचाई जान

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को कालवा-डाबड़िया मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डाबड़िया और कालवा गांव के बीच चलती डीजल कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोक दिया और बाहर निकल गया, जिससे जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कालवा निवासी एक व्यक्ति अपनी बहन को डाबड़िया गांव छोड़कर वापस कालवा लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते वाहन में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर गई। घटना के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने तुरंत वाहन रोककर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग से कार को काफी नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि डाबड़िया से कालवा की दूरी करीब 5 से 6 किलोमीटर है। क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के चलते वाहन अधिक गर्म हो रहे हैं। प्राथमिक तौर पर अत्यधिक गर्मी के कारण वाहन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली।