शराब की अवैध ब्रांचों पर मंगरोप पुलिस का शिकंजा:7 दिन में 7 मुकदमे,7 आरोपी गिरफ्तार

मंगरोप@मुकेश खटीक।थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित शराब की ब्रांचों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।थाना प्रभारी विजय मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक थाना क्षेत्र के सात अलग-अलग ठिकानों पर संचालित अवैध शराब ब्रांचों पर दबिश दी जा चुकी है।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस जानकारी के अनुसार आबकारी अधिनियम के तहत पिछले सात दिनों में कुल 7 मुकदमे दर्ज किए गए हैं,जिनमें 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बेची जा रही शराब भी जब्त की गई।थाना पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी रख रही है और संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है।गौरतलब है कि गत माह भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगरोप थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित करीब दो दर्जन से अधिक शराब की ब्रांचों का विरोध जताया था।कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इन अवैध ब्रांचों को तत्काल बंद करवाने की मांग की थी।इसके बाद थाना प्रभारी विजय मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना क्षेत्र में संचालित अवैध शराब ब्रांचों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई शुरू की।क्षेत्रवासियों का कहना है कि अवैध शराब की ब्रांचों के कारण युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा था तथा कई स्थानों पर आए दिन विवाद की स्थिति भी बन रही थी।पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद अब लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।