अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” का भव्य शुभारंभ हुआ। शुक्रवार को राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने फीता काटकर इस प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, अभियानों और विकास कार्यों को आकर्षक फोटो पैनलों व प्रदर्श सामग्री के माध्यम से जीवंत किया गया है।
सुशासन और विकास के ऐतिहासिक 12 वर्ष: सांसद
प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन करने के बाद मीडिया और आमजन को संबोधित करते हुए सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाई जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे।
विधायकों और जिला कलेक्टर ने की प्रदर्शनी देखने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में गरीब कल्याण और बुनियादी ढांचे के विकास में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। वहीं मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने इस प्रदर्शनी को देश की विकास यात्रा का दर्पण बताते हुए जिलेवासियों से परिवार सहित इसका अवलोकन करने का आग्रह किया।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सरकारी नवाचारों और विभागीय उपलब्धियों को तथ्यात्मक रूप से आमजन के सामने रखना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों से रविवार तक चलने वाली इस निःशुल्क प्रदर्शनी को देखने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में विकास नीतियों पर खुलकर की बात
उद्घाटन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी फ्लैगशिप योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन नीतियों ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। उन्होंने साफ किया कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता, जनविश्वास और सेवा भाव के साथ विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटी हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, जिला कलेक्टर कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा, जिला जनसंपर्क अधिकारी महिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
