कुण्डात्मक आयोजन, 25 मई को महायज्ञ की पूर्णाहूति
अविनाश मीणा
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|ईरानी डूंगरी स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘माताजी का दर्रा’ पर आगामी 25 मई को विशाल महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें विभिन्न कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया। 17 मई से 21 कुण्डात्मक आयोजन भी शुरू होंगे।
बैठक में मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आयोजन की भव्यता को देखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पारदर्शिता के साथ टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। टेंडर 8 मई को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जारी किए जाएंगे। इनमें टेंट एवं शामियाना व्यवस्था, हलवाई (भोजन एवं प्रसाद), लाइट डेकोरेशन एवं विद्युत सज्जा, डीजे एवं साउंड सिस्टम तथा वेटर एवं सर्विस टीम के कार्य शामिल हैं।
यह 21 कुण्डात्मक आयोजन 17 मई से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा, जिसकी पूर्णाहूति विशाल महायज्ञ के साथ होगी। समिति के सदस्यों ने बताया कि 25 मई के इस धार्मिक अनुष्ठान में हजारों की संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति के प्रवक्ता ने बताया कि माताजी की कृपा से यह आयोजन ऐतिहासिक होगा और सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तरीय हों, इसके लिए 8 मई को अनुभवी ठेकेदारों को आमंत्रित किया गया है ताकि समय रहते सभी तैयारियां पूरी की जा सकें।
इच्छुक निविदाकर्ता (ठेकेदार) 8 मई को निर्धारित समय पर माताजी का दर्रा गेरूठी, ईरानी डूंगरी पहुंचकर अपनी दरें प्रस्तुत कर सकते हैं।
