अग्निवीर पुत्रों के कोटड़ी पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब, खुशी से छलक पड़ी पिता की आंखें

:- सैनिक राजू तेली व राजू माली के सम्मान में निकली भव्य स्वागत यात्रा
:- वंदे मातरम् और भारत माता के जयकारों से गूंजा कस्बा
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद अपने गृह कस्बे कोटड़ी लौटे सैनिक राजू तेली एवं राजू माली का मंगलवार को अभूतपूर्व स्वागत किया गया। दोनों जवानों के आगमन की सूचना मिलते ही पूरा कस्बा उत्साह और गर्व से भर उठा। परिवारजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, मित्र एवं ग्रामीण उनके स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाए खड़े नजर आए।
कोटड़ी के नेहरू नगर पेट्रोल पंप से लेकर श्रीचारभुजानाथ मंदिर तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। इस दौरान तिरंगा लहराते हुए युवाओं ने “वंदे मातरम्”, “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “मेरा भारत महान” के गगनभेदी नारों से पूरे कस्बे को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। जगह-जगह लोगों ने सैनिकों पर पुष्पवर्षा कर मालाएं पहनाईं तथा शॉल, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। अग्निवीर सैनिक राजू तेली के कोटड़ी पहुंचते ही उनके पिता मिश्रीलाल तेली की आंखें खुशी से नम हो गईं। बेटे को सेना की वर्दी में देखकर परिवारजनों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। उन्होंने बताया कि राजू ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है तथा अब देश सेवा के लिए पूर्णतः समर्पित है। वहीं सैनिक राजू माली के परिवार में भी उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित युवाओं का सम्मान पूरे समाज का कर्तव्य है। अग्निवीर सैनिकों ने अपने परिश्रम और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है जिससे युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सैनिकों के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि समाज अपने वीर जवानों के प्रति कितना सम्मान और गर्व महसूस करता है। स्वागत समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, मन की बात कार्यक्रम के मंडल संयोजक अनिल तिवाड़ी, महामंत्री राघव आचार्य, प्रकाश गाड़री, नारायण सिंह, ओम सुवालका, सत्यनारायण तेली, हरिशंकर जाट, भेरूलाल, महावीर माली, सुरेंद्र सुवालका, विष्णु सेन, मुकेश माली सहित सैकड़ों ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गौरव का क्षण बना स्वागत समारोह
कोटड़ी कस्बे में राजू तेली एवं राजू माली दोनों अग्निवीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति, युवा प्रेरणा और सैनिक सम्मान का उत्सव बना दिखाई दिया। देश सेवा के लिए समर्पित इन युवाओं के सम्मान में उमड़े जनसैलाब ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया।