यंग इंडियंस की एआई वर्कशॉप में युवाओं ने सीखे भविष्य के तकनीकी कौशल

भविष्य की तकनीक से रूबरू हुए युवा, आई-स्टार्ट में आयोजित हुई एआई वर्कशॉप
यंग इंडियंस की पहल: युवाओं को सिखाए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आधुनिक प्रयोग
एआई से बदल रही दुनिया, कोटा में युवाओं ने समझीं इसकी असीम संभावनाएं

कोटा।स्मार्ट हलचल।डिजिटल युग में उभरती तकनीकों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को भविष्य की आवश्यक कौशलों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से यंग इंडियंस (Yi) कोटा द्वारा आई-स्टार्ट परिसर में दो दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वर्कशॉप का आयोजन आई-स्टार्ट रावतभाटा पर रोड किया गया। कार्यशाला में 40 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एआई के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
वाईआई कोटा के चेयर अंकित राठी ने बताया कि कार्यक्रम में एआई विशेषज्ञ आईआईटीएन सुरभि माहेश्वरी ने प्रतिभागियों को एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के बदलते स्वरूप, उसके व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत उपयोग तथा स्किल डेवलपमेंट में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई आज केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, व्यवसाय, स्वास्थ्य, संचार, कंटेंट निर्माण, डेटा विश्लेषण और दैनिक जीवन के अनेक कार्यों को सरल, तेज एवं अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन करते हुए बताया कि किस प्रकार इन तकनीकों की सहायता से समय की बचत, उत्पादकता में वृद्धि और कार्यों की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। प्रतिभागियों ने भी एआई आधारित अनुप्रयोगों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया तथा उनसे जुड़े अनेक प्रश्नों के समाधान हासिल किए।
वाईआई कोटा के चेयर अंकित राठी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में 40 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया । उन्होंने कहा कि आगामी माह कोटा शहर में इसी प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि एआई संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंच सके और लोग अपने दैनिक जीवन को अधिक सरल एवं प्रभावी बना सकें।
को-चेयर अंकित गुप्ता ने कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई वर्तमान समय की सबसे प्रभावशाली तकनीकों में से एक है और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर यंग इंडियंस कोटा की ओर से एआई विशेषज्ञ सुरभि माहेश्वरी का अभिनंदन किया गया।को-चेयर अंकित गुप्ता नेआभार व्य​क्त किया।