मैलानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा
श्रीकान्त सिंह शाक्य
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मैलानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में 01 नंबर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी गोला महक शर्मा के नेतृत्व में जनपद भर में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मैलानी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य के साथ पुलिस को उस समय सफलता मिली जब थाना क्षेत्र में पंजीकृत मु0अ0सं0 0175/2026 के वांछित अभियुक्त जरनेल सिंह पुत्र सेवा सिंह, निवासी ग्राम बरीघा, थाना मैलानी, जनपद खीरी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2), 118(1) एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज है। अभियुक्त इस मामले में 01 नंबर वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
थाना मैलानी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुकरा-सुन्दरवा भुड रोड स्थित बुचपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा और किसी भी वांछित आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अवलाली कुमार, कांस्टेबल अंकित चौहान तथा कांस्टेबल शुभम सिंह शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इससे अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
