उपकारागृह शाहपुरा का विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की ली जानकारी

सुरज वर्मा
शाहपुरा/भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार सोमवार को उपकारागृह शाहपुरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया गया।
निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव रश्मि आर्य तथा तालुका विधिक सेवा समिति शाहपुरा की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सानिया हाशमी शामिल रहीं। अधिकारियों ने उपकारागृह में बंद कैदियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, मूलभूत आवश्यकताओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा दैनिक दिनचर्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन से बंदियों के भोजन वितरण की समय-सारणी, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और आवश्यक सुधारों को लेकर अधिकारियों ने जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों को मानवीय गरिमा के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर निजी सहायक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक अग्रवाल, अपर लोक अभियोजक शाहपुरा हितेश शर्मा, तालुका विधिक सेवा समिति के आजाद मोहम्मद, पीएलवी रीना देवी, उपकारापाल प्रहलाद गुर्जर सहित जेल प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय उपकारागृह शाहपुरा में कुल 35 बंदी निरुद्ध पाए गए। निरीक्षण दल ने जेल प्रशासन को बंदियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।