बानसूर । स्मार्ट हलचल।कस्बे के हरसौरा रोड स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़ दिए। चोर एक दुकान से नकदी और कुछ सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन लाल सैनी ने बताया कि चोरों ने मनोज कुमार एंड कंपनी, श्री दुर्गा इलेक्ट्रिकल और मोनू किराना स्टोर के ताले तोड़े। मोनू किराना स्टोर के गल्ले से करीब 8 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा चोर एक किलो बादाम की पैकिंग खोलकर बादाम खाकर भी चले गए। मनोज कुमार एंड कंपनी और श्री दुर्गा इलेक्ट्रिकल के ताले तो टूट गए, लेकिन शटर नहीं खुलने से चोर वहां चोरी नहीं कर सके। शनिवार सुबह घटना का पता चलने पर व्यापारियों में रोष फैल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
