धनराज भंडारी
स्मार्ट हलचल|जिले के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए बुधवार को राजकीय सैटेलाइट अस्पताल सुनेल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं, पुलिसकर्मियों, चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 103 यूनिट रक्तदान किया। एकत्रित रक्त जिला ब्लड बैंक भेजा गया।शिविर में सुनेल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा रक्तदान के लिए पहुंचे। पिड़ावा एसडीएम दिनेश मीणा की ओर से आमजन से की गई रक्तदान की अपील का भी व्यापक असर देखने को मिला। एसडीएम ने स्वयं रक्तदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में रक्त की कमी के समय किया गया यह पुनीत कार्य कई अन्य प्रकार के दान से भी बड़ा है। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।
शिविर की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की पूरी मॉनिटरिंग ब्लॉक सीएमएचओ राहुल आचोलिया ने की। चिकित्सा विभाग की टीम ने रक्त संग्रहण सहित अन्य व्यवस्थाएं संभालीं। इन शिविरों में एकत्रित रक्त दुर्घटनाओं में घायल लोगों, गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा।