कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने किया ‘प्लास्टिक बैंक–ग्रीन गिफ्ट मिशन’ के पोस्टर का विमोचन; बच्चों से प्लास्टिक लेकर बदले में मिलेगा निःशुल्क पौधा, कबाड़ समझे जाने वाले शैंपू पाउच से भी उगा रही हैं हरियाली
शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)।
स्मार्ट हलचल|नन्हे हाथों में मोबाइल की जगह पौधे हों, घरों में कचरे की जगह हरियाली के सपने पलें और प्लास्टिक का ढेर पर्यावरण के लिए मुसीबत बनने के बजाय पौधे उगाने का माध्यम बन जाए…। इसी सोच को हकीकत में बदलने की मुहिम लेकर निकली हैं बाल पर्यावरण कार्यकर्ता श्रेया कुमावत। उम्र भले ही छोटी हो, लेकिन उनका पर्यावरण संरक्षण का संकल्प बड़ा है। कभी बीज बचाने, कभी सीड बॉल बनाने, कभी पौधारोपण तो कभी निःशुल्क पौधा वितरण के जरिए पर्यावरण की अलख जगा रही श्रेया ने अब बच्चों को प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जोड़ने के लिए नई पहल शुरू की है। इसका नाम है ‘PLASTIC BANK – GREEN GIFT MISSION’ यानी प्लास्टिक बैंक–पौधा उपहार अभियान।
इस अनूठी पहल का संदेश भी बेहद सरल और प्रभावशाली है- ‘प्लास्टिक दो–पौधा लो, हरित बचपन से स्वच्छ भारत बनाओ!’ यानी घरों में इकट्ठा होने वाला साफ-सूखा प्लास्टिक अब कूड़ेदान में जाने के बजाय बच्चों के हाथों हरियाली का उपहार बन सकेगा।
कलेक्टर तक पहुंची नन्ही पर्यावरण प्रहरी की पहल
श्रेया कुमावत ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या को लेकर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान दैनिक उपयोग में आने वाले प्लास्टिक के संग्रहण, पृथक्करण, रीसाइक्लिंग और उसके पुनः उपयोग की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया।
श्रेया ने बच्चों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए तैयार की गई पूरी कार्ययोजना कलेक्टर के सामने रखी। जिला कलेक्टर ने अभियान के पोस्टर का विमोचन कर इस पहल को प्रोत्साहित किया और श्रेया के पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों तथा उनकी अभिनव सोच की सराहना की।
प्लास्टिक के बदले मिलेगा पौधा, बच्चों को मिलेगी गार्डनिंग की सीख
अभियान के तहत 1 से 15 वर्ष तक के बच्चे अपने घरों से साफ और सूखा दैनिक उपयोगी प्लास्टिक एकत्रित करेंगे। बच्चे एक सप्ताह, 15 दिन अथवा एक महीने तक प्लास्टिक जमा कर निर्धारित रविवार को श्रेया की पौधशाला में जमा करवा सकेंगे। इसके बदले प्रत्येक सहभागी बच्चे को एक पौधा निःशुल्क उपहार में दिया जाएगा।
इस अभियान की खासियत सिर्फ प्लास्टिक एकत्रित करना नहीं है। पौधा लेने के बाद बच्चों को उसकी देखभाल और उसे विकसित करने का तरीका भी सिखाया जाएगा। इसके लिए निःशुल्क ऑर्गेनिक गार्डनिंग प्रशिक्षण, जैविक सब्जियां उगाने का लाइव डेमो, पौधों की देखभाल और जैविक खाद बनाने की जानकारी दी जाएगी।
यानी बच्चे प्लास्टिक लेकर आएंगे तो हाथ में पौधा मिलेगा और साथ में घर पर छोटी सी हरित वाटिका तैयार करने का हुनर भी।
शैंपू के छोटे पाउच में भी उगा रही हैं पौधे!
श्रेया की इस मुहिम का सबसे दिलचस्प और प्रेरक पहलू प्लास्टिक का पुनः उपयोग है। आमतौर पर इस्तेमाल के बाद फेंक दिए जाने वाले छोटे शैंपू पाउच तक को श्रेया पौधे तैयार करने के पात्र के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं। बच्चों से प्राप्त प्लास्टिक सामग्री में से उपयोगी प्लास्टिक को अलग कर उसमें पौधे तैयार किए जाते हैं।
इन पौधों को बच्चों, आमजन और विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों को निःशुल्क भेंट किया जाता है। इससे एक ओर प्लास्टिक के पुनः उपयोग का संदेश पहुंचता है, वहीं दूसरी ओर लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाता है। शेष प्लास्टिक को श्रेणीवार छांटकर अधिकृत रीसाइक्लिंग केंद्र तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
अधिकारियों को भी भेंट किए औषधीय पौधे
अभियान के पोस्टर विमोचन के अवसर पर श्रेया ने पुनः उपयोग किए गए प्लास्टिक पात्रों में तैयार औषधीय पौधे जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के मुख्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भेंट किए।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुभाषनगर थाना, प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय और दैनिक भास्कर के मुख्य कार्यालय में भी औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया। इस तरह श्रेया ने संदेश दिया कि प्लास्टिक को जिम्मेदारी से इस्तेमाल और प्रबंधित किया जाए तो उसके पुनः उपयोग के भी रास्ते तलाशे जा सकते हैं।
स्कूलों में बनेंगे प्लास्टिक बैंक, स्क्रीन से हटेगा बच्चों का ध्यान
श्रेया की योजना अब इस अभियान को केवल अपनी पौधशाला तक सीमित रखने की नहीं है। इसके लिए सरकारी और निजी विद्यालयों में प्लास्टिक बैंक स्थापित करने की योजना बनाई गई है, ताकि जिलेभर के बच्चों को इस मुहिम से जोड़ा जा सके।
अभियान का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के साथ पशु-पक्षियों और प्रकृति की रक्षा करना है। बच्चों में कचरा पृथक्करण और रीसाइक्लिंग की आदत विकसित करना तथा उन्हें मोबाइल और स्क्रीन से आगे निकालकर बागवानी और प्रकृति के करीब लाना भी इसकी प्राथमिकता है।
पौधारोपण से बीज संरक्षण तक जारी है श्रेया का सफर
श्रेया लंबे समय से पौधारोपण, बीज संरक्षण, पौधा वितरण, सीड बॉल निर्माण और बाल पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी प्रत्येक पहल का केंद्र बच्चों और आमजन को प्रकृति से जोड़ना रहा है। अब प्लास्टिक बैंक अभियान के जरिए वे बच्चों को यह समझाने का प्रयास कर रही हैं कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर से और वह भी छोटी-छोटी आदतों से हो सकती है।
श्रेया का संकल्प है- हर बच्चे के हाथ में पौधा, हर घर में प्लास्टिक प्रबंधन और हर आंगन में हरियाली।
नन्ही उम्र में लिया गया यह बड़ा संकल्प आने वाली पीढ़ी को एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि धरती को हरा-भरा बनाने के लिए उम्र नहीं, इच्छाशक्ति और पहल की जरूरत होती है। अब देखना यह है कि श्रेया की यह मुहिम कितने घरों, स्कूलों और बच्चों तक पहुंचकर प्लास्टिक को पौधों और हरियाली से जोड़ पाती है।