SPANDAN के तहत जिला कारागृह में स्वास्थ्य शिविर, बीपी-शुगर की जांच के साथ बीमार बंदियों को उपचार के लिए किया रेफर
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।अपराध की सजा के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं से कोई बंदी वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से जिला कारागृह ब्यावर में सोमवार को SPANDAN अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित शिविर में राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की चिकित्सा टीम ने बंदियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश सोनल पारिख के पर्यवेक्षण में आयोजित शिविर में डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. संजय के. सिंह तथा नर्सिंग ऑफिसर चेतन, रघुवीर एवं करण ने बंदियों का परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई तथा बंदियों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई। बुखार एवं अन्य बीमारियों से पीड़ित पाए गए बंदियों को आगे की जांच और उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय रेफर किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार SPANDAN अभियान के तहत अब जिला कारागृह में प्रत्येक माह पाक्षिक रूप से चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से बंदियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।